ग्वालियर ( ईएमएस ) अंचल में पड़ रही कड़ाके की ठंड घने कोहरे के कारण अब जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जनवरी में बीते 25 साल का रिकॉर्ड टूट गया, जब अधिकतम तापमान गिरकर 10.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी लुढ़ककर 5 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से ट्रेन और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 100 साल में यह दूसरी बार है जब जनवरी में इतनी गंभीर स्थिति बनी है। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे तक ठंड और बर्फीली हवाओं ने लोगों के हाड़ कंपा दिए। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। ठंड के चलते दिन में भी रात जैसा एहसास हो रहा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 10.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 11.1 डिग्री कम है। इससे पहले वर्ष 2019 में अधिकतम तापमान 8.3 डिग्री तक गिरा था। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्राइमरी और मिडिल स्कूलों की छुट्टियां 10 जनवरी तक बढ़ा दी हैं। पिछले आठ दिनों से सुबह देर तक और शाम को जल्दी घना कोहरा देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह भी पूरा शहर कोहरे में डूबा रहा। दृश्यता 60 से 100 मीटर होने के कारण वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। नगर निगम ने बढ़ती ठंड को देखते हुए शहर के कई प्रमुख चौराहों पर अलाव जलवाए हैं, ताकि राहगीरों और बेसहारा जानवरों को राहत मिल सके। ठंड के कारण सूरज के तेवर भी ढीले नजर आ रहे हैं और धूप कारण सूरज के तेवर भी ढीले नजर आ रहे हैं और धूप न के बराबर दिखाई दे रही है।