पटना, (ईएमएस)। बिहार सरकार प्रशासन को चुस्त दुरुस्त बनाने की कवायद में जुट गई है। इसी के तहत धड़ाधड़ तबादला/नियुक्ति की जा रही है। इस बीच बिहार प्रशासनिक सेवा के 11 अधिकारियों का तबादला/नियुक्ति किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने उप सचिव राजीव रंजन दास ने अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार तबादला/नियुक्ति में कई अनुमंडल के एसडीओ भी शामिल हैं। इनमें मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष कार्य पदाधिकारी अभिजीत कुमार को नरकटियागंज का अनुमंडल पदाधिकारी, मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष कार्य पदाधिकारी कुमार ओमकेश्वर को अपर समाहर्ता पटना, मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव राजीव रंजन कुमार को अपर समाहर्ता नालंदा, जमुई के अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार रमन को अनुमंडल पदाधिकारी गया सदर बनाया गया है। जबकि शैलेश कुमार दास को गया का उप विकास आयुक्त बनाया गया है। जबकि राजगीर के अनुमंडल पदाधिकारी आशिष नारायण को विशेष कार्य पदाधिकारी मुख्यमंत्री सचिवालय, उप विकास आयुक्त सहरसा संजय कुमार को बिहार कर्मचारी चयन आयोग का सचिव बनाया गया है। मधुबनी के वरीय उपसमाहर्ता ज्योत्सना कृष्ण को विशेष कार्य पदाधिकारी सामान्य प्रशासन विभाग और पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे चंदन कुमार को अनुमंडल पदाधिकारी पालीगंज बनाया गया है। गया सदर के अनुमंडल पदाधिकारी किसलय श्रीवास्तव को बिहार शरीफ का एसडीओ बनाया गया है। जबकि नरकटियागंज के अनुमंडल पदाधिकारी सूर्य प्रकाश गुप्ता को राजगीर का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। संतोष झा- ०९ जनवरी/२०२६/ईएमएस