राज्य
11-Jan-2026
...


जांच की तो बैग में भरे थे जूते, पत्र में लिखा था जिसे चाहिए मुफ्त में ले लो मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार में मंत्री नितेश राणे के सरकारी आवास के बाहर रविवार को एक संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक एक अज्ञात व्यक्ति बंगले के बाहर बैग रखकर चला गया। बैग दिखाई देने के बाद तुरंत पुलिस और जांच एजेंसियों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और बैग की जांच की। इस दौरान आसपास की आवाजाही पर भी नजर रखी गई। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक संदिग्ध बैग की जब जांच की गई तो उसमें किसी भी तरह की विस्फोटक या खतरनाक सामग्री नहीं मिली। बैग के अंदर एक पत्र और बड़ी संख्या में जूते बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि पत्र में लिखा था- जिसे भी जूते चाहिए, मुफ्त में ले लो। सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें एक व्यक्ति दिखाई दिया, जो बैग को बंगले के बाहर रखकर चला गया। फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद बैग से किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। इस मामले को लेकर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर बैग वहां क्यों रखा गया और इसके पीछे उस व्यक्ति की मंशा क्या थी। सिराज/ईएमएस 11जनवरी26 ----------------------------------