नई दिल्ली,(ईएमएस)। बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में धान खरीद की व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जिससे किसान भारी संकट में हैं और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी करते हुए कहा, कि किसानों को अपनी उपज सरकारी मंडियों में बेचने के लिए इन ठंडी रातों को खुले आसमान के नीचे बिताने को मजबूर होना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड में किसान अपनी मेहनत की फसल की रखवाली कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान खरीद में भारी अव्यवस्था के कारण किसान निराश और असहाय हो गए हैं। बीजद अध्यक्ष ने कहा कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि किसान अब राष्ट्रीय राजमार्गों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से धान की सुचारू खरीद की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया, आखिर सरकार किसानों का धान कब खरीदेगी? पटनायक ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण किसानों का भरोसा टूट रहा है। हिदायत/ईएमएस 11जनवरी26