कानपुर (ईएमएस)। कानपुर देहात के घाटमपुर क्षेत्र के सर्देपुर गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहर स्थित एक घर में मां और उसके ढाई साल के बेटे की नृशंस हत्या कर दी गई। रक्तरंजित शव बरामदे में अगल-बगल पड़े मिले, जिन्हें देखकर हर कोई सन्न रह गया। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे गांव में दहशत फैल गई है। मृतकों की पहचान रूबी और उसके ढाई वर्षीय बेटे लवांश के रूप में हुई है। आरोप है कि हत्या रूबी के पति सुरेंद्र ने ही की। प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों के बयान के अनुसार, सुरेंद्र नशे का आदी था और आए दिन घरेलू विवाद व मारपीट करता था। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था। रूबी के सिर से लेकर गर्दन तक धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जबकि मासूम लवांश की गर्दन लगभग कट गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात इतनी अचानक और बेरहमी से की गई कि दोनों को शोर मचाने तक का मौका नहीं मिला। घर गांव के बाहर होने के कारण किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी। जब सुरेंद्र का बड़ा भाई पप्पू घर पहुंचा तो उसने दोनों के शव देखे और उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पप्पू ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र का व्यवहार शुरू से ही उग्र था। वह कभी ट्रक पर खलासी का काम करता था, तो कभी लकड़ी काटकर बेचता था। शराब पीकर आए दिन पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों से झगड़ा करता था। गांव के पास ही शराब का ठेका होने के कारण उसका नशा और बढ़ गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।