:: क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन मप्र के 8 विकेट पर 184 रन; महाराष्ट्र की पहली पारी 358 रनों पर सिमटी :: नडियाद/इन्दौर (ईएमएस)। विजय मर्चेंट ट्रॉफी के चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले के दूसरे दिन महाराष्ट्र ने मध्य प्रदेश पर अपना शिकंजा कस दिया है। महाराष्ट्र के 358 रनों के जवाब में मध्य प्रदेश की पहली पारी लड़खड़ा गई है और दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने 8 विकेट खोकर महज 184 रन बनाए हैं। मध्य प्रदेश अभी भी पहली पारी के आधार पर महाराष्ट्र से 174 रन पीछे है। महाराष्ट्र की ओर से अर्जुन गायकवाड़ ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश के मध्यक्रम और निचले क्रम को ध्वस्त कर दिया। गायकवाड़ ने 20 ओवरों में 7 मेडन रखते हुए मात्र 41 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके इस पंजे ने मध्य प्रदेश की पारी को बैकफुट पर धकेल दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने वाली मध्य प्रदेश की टीम बल्लेबाजी में बेहतर शुरुआत नहीं कर सकी। सलामी बल्लेबाज और कप्तान कुशाग्र नागर (9) और अंश यादव (6) सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद अर्णव घोड़गांवकर (63) और अंश जोशी (42) ने चौथे विकेट के लिए 93 रनों की संघर्षपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभालने का प्रयास किया, लेकिन गायकवाड़ ने अर्णव को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। रितिक परब ने 27 और आरव मसीह ने 28 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम को संकट से नहीं उबार सके। इससे पूर्व, महाराष्ट्र की पहली पारी 99 ओवरों में 358 रनों पर समाप्त हुई। कप्तान प्रज्वल मोरे के शानदार शतक (101) के अलावा राघव योगेश नायक (73) और विश्वजीत जगताप (56) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। मध्य प्रदेश की ओर से अथर्व पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 53 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अभिषेक धाकड़ बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद हैं। सोमवार को तीसरे दिन महाराष्ट्र की नजरें मध्य प्रदेश के शेष दो विकेट जल्द चटकाकर बड़ी बढ़त हासिल करने पर होंगी, जबकि मध्य प्रदेश को फॉलो-ऑन से बचने और स्कोर के करीब पहुँचने के लिए कड़ा संघर्ष करना होगा। प्रकाश/12 जनवरी 2026