राज्य
13-Jan-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। धान खरीदी को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने साफ कहा है कि पात्र किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने शुरू से ही धान खरीदी को लेकर भ्रम फैलाने का काम किया। कभी नियत पर सवाल उठाए गए, तो कभी व्यवस्था और तैयारी को लेकर आशंकाएं जताई गईं, लेकिन ये सभी आरोप निराधार साबित हुए हैं और प्रदेश में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने किसानों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी किसानों का धान खरीदा जाएगा। धान खरीदी में गड़बड़ियों पर प्रशासन की सख्ती को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न जिलों में कलेक्टरों द्वारा औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। अनियमितता पाए जाने पर राइस मिलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो रही है। उन्होंने बताया कि मुंगेली और धमतरी जिलों में निरीक्षण के दौरान गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं, जिसके बाद मुंगेली की उपलेटा राइस मिल और धमतरी की श्री गजराज एग्रो इंडस्ट्रीज को सील कर दिया गया। अभिलेखों के भौतिक सत्यापन में डीओ ऑर्डर में अनियमितता, वाहनों की क्षमता से अधिक परिवहन और जीपीएस डेटा से छेड़छाड़ जैसे मामले सामने आए हैं। जंबूरी 2026 को लेकर भ्रष्टाचार के आरोपों पर कांग्रेस की याचिका पर होने वाली सुनवाई को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इस विषय पर पहले ही कई बार स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है। नियम और प्रक्रिया के अनुसार कार्य हुआ है। शिकायत और कानूनी रास्ते सभी के लिए खुले हैं। शिक्षा मंत्री भी इस पर स्थिति साफ कर चुके हैं, ऐसे में अब किसी प्रकार के संदेह की गुंजाइश नहीं है। अंबिकापुर में केसीसी योजना को लेकर किसानों के साथ कथित धोखाधड़ी के विरोध में हुए प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि जहां भी गड़बड़ी की शिकायतें मिलेंगी, वहां जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सरकार की नीति शुरू से ही भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की रही है और किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा को लेकर कांग्रेस के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपनी भूमिका की चिंता करनी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी की चिंता करने की कांग्रेस को कोई आवश्यकता नहीं है। VB G RAM G को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशालाओं के आयोजन पर उन्होंने बताया कि पार्टी ने जन जागरण अभियान की शुरुआत की है। निचले स्तर तक जाकर इसकी जानकारी दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए इसे ऐतिहासिक बदलाव बताते हुए उन्होंने कहा कि सभी जिलों में इसको लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 23 जनवरी को रायपुर के वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच को लेकर अरुण साव ने कहा कि यह स्टेडियम भव्य और विशाल है, जहां लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले होंगे। सरकार ने इसके लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं और 23 जनवरी का मुकाबला भी ऐतिहासिक और यादगार साबित होगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 जनवरी 2026