क्षेत्रीय
13-Jan-2026


गिरिडीह (ईएमएस)। आगामी 16 जनवरी से 18 जनवरी तक रुड़की (उत्तराखंड) में आयोजित होने वाली 23वीं राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में झारखंड की पैरालिम्पिक टीम भी भाग लेंगी। टीम में गिरिडीह के आकाश सिंह समेत 6 खिलाड़ी हैं। जिनमे गढ़वा के सुमेर कुमार, हजारीबाग के तुकेश्वर कुमार, रामगढ़ के रामसागर कुमार एवं रांची की किरण कुमारी शामिल हैं। इनके साथ टीम के कोच कुमार गौरव एवं सपोर्ट स्टाफ सन्नी कुमार भी रवाना हो रहे हैं। पैरालिम्पिक कमिटी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष जटाशंकर चौधरी एवं सचिव कुमार गौरव ने झारखण्ड टीम के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के पैरा खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद जिस दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। कहा कि दिव्यांगता किसी की क्षमता की सीमा नहीं होती, बल्कि इच्छाशक्ति और मेहनत से हर बाधा को पार किया जा सकता है। झारखंड के पैरा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे, ऐसा पूरा विश्वास है। उन्होंने पैरालिम्पिक कमिटी ऑफ झारखंड की ओर से पूरी टीम को सफल एवं गौरवपूर्ण प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। राजेश कुमार/ ईएमएस/ 13 जनवरी 2026