राष्ट्रीय
14-Jan-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। उत्तर भारत में घने कोहरे का असर रेल यातायात पर लगातार बना हुआ है। हालांकि लंबी दूरी की देरी से चलने वाली ट्रेनों की संख्या में कुछ कमी आई है, लेकिन बुधवार को भी दिल्ली आने वाली 20 से अधिक ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित हुई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण ट्रेनों की लेट-लतीफी मामले में सबसे अधिक दरभंगा–आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस में दर्ज की गई। दरअसल यह ट्रेन मंगलवार दोपहर 12:45 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन करीब 20 घंटे 35 मिनट की देरी से बुधवार सुबह 9:15 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंची। इस देरी का असर आगे की ट्रेनों पर भी पड़ा। इसी कारण मंगलवार अपराह्न 3:10 बजे रवाना होने वाली दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस अब बुधवार सुबह 10 बजे प्रस्थान करेगी। रेलवे प्रशासन ने इसके चलते कई अन्य ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया है। कोहरे का असर केवल लंबी दूरी की ट्रेनों तक सीमित नहीं रहा। लोकल और उपनगरीय ट्रेनें भी देरी से चलती रहीं। सहारनपुर–पुरानी दिल्ली एमईएमयू लगभग दो घंटे देरी से चली, जबकि बुलंदशहर–तिलक ब्रिज एमईएमयू डेढ़ घंटे विलंबित रही। पानीपत–गाजियाबाद ईएमयू, पानीपत–पुरानी दिल्ली ईएमयू, पानीपत–नई दिल्ली महिला विशेष ईएमयू, हाथरस किला–पुरानी दिल्ली एमईएमयू और जाखल–पुरानी दिल्ली पैसेंजर करीब एक घंटे देरी से रवाना हुईं। वहीं कुरुक्षेत्र–पुरानी दिल्ली ईएमयू लगभग 45 मिनट और शामली–पुरानी दिल्ली तथा मथुरा–गाजियाबाद ईएमयू करीब आधे घंटे की देरी से चलीं। दिल्ली से देरी से रवाना होने वाली प्रमुख ट्रेनें इस प्रकार रहीं— आनंद विहार टर्मिनल से दरभंगा जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस करीब 18 घंटे 50 मिनट देरी से चली। नई दिल्ली–लोहिया खास सरबत दा भला एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, नई दिल्ली–दरभंगा हमसफर विशेष पौने दो घंटे, नई दिल्ली–राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस एक घंटे और पुरानी दिल्ली–जैसलमेर रुणिचा एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई। इसके अलावा हजरत निजामुद्दीन–दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस भी लगभग एक घंटे विलंब से चली। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कोहरे के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति कम रखी जा रही है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। हिदायत/ईएमएस 14जनवरी26