रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और किसान हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से राज्य शासन के निर्देश पर जिलों में अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन धान के अवैध परिवहन, भंडारण, खपत और उपार्जन केंद्रों में गैरकानूनी बिक्री पर कड़ी निगरानी रख रहा है। इस क्रम में आज राज्य के चार जिलों बलरामपुर, जशपुर, सक्ती और जांजगीर-चांपा में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। इन कार्रवाइयों में लगभग 30,490 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया, जबकि 86 से अधिक वाहन अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त किए गए। बलरामपुर जिले में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा के नेतृत्व में अंतरराज्यीय सीमाओं और चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी के तहत अब तक 129 प्रकरणों में 20,426.49 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया और 83 वाहन जब्त किए गए। साथ ही, चांदो धान उपार्जन केंद्र में 65 बोरी अवैध धान बेचने के प्रयास पर त्वरित कार्रवाई की गई। जशपुर जिले में कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर विकासखंड बगिया स्थित वेदांश राइस मिल में जांच के दौरान 9,700 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसके बाद राइस मिल को तत्काल सील कर दिया गया। संयुक्त जांच दल द्वारा दस्तावेजों की गहन जांच जारी है। सक्ति जिले में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में राजस्व विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए लगभग 331 क्विंटल अवैध धान और ट्रक सहित कई वाहन जब्त किए गए। राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी के दौरान किसानों के अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध धान परिवहन, भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान सख्ती और सतत निगरानी के साथ जारी रहेगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)14 जनवरी 2026