बिलासपुर (ईएमएस)। देश की राजधानी दिल्ली में पंडित पंथ मार्ग स्थित केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री, भारत सरकार तोखन साहू के निवास पर छत्तीसगढ़ की संस्कृति, युवा ऊर्जा और आत्मीयता की अनुपम झलक देखने को मिली। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित विकसित भारत यूथ डायलॉग में सहभागिता हेतु दिल्ली पहुंचे छत्तीसगढ़ के 100 प्रतिभाशाली युवाओं के सम्मान में यह विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने ‘जय जोहार’ और ‘राम-राम’ के साथ युवाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज उन्हें दिल्ली में बस्तर से सरगुजा तक का छत्तीसगढ़ दिखाई दे रहा है। स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 100 ऊर्जावान युवा देश की दिशा बदल सकते हैं और वही युवा आज उनके सामने उपस्थित हैं। साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि विकसित भारत ञ्च2047 का संकल्प युवा शक्ति पर आधारित है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश सेवा में समर्पित होकर आगे बढऩे का संदेश दिया। युवाओं ने मंच से अपने अनुभव साझा किए। साक्षी पांडेय ने सतत एवं हरित विकसित भारत पर विचार रखे। कार्यक्रम का समापन छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसने आयोजन को विशेष बना दिया। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 14 जनवरी 2026