भिंड ( ईएमएस) जिले के मौ थाना क्षेत्र के ग्राम सौरा में खेतों पर बने ट्यूबवैल पर 45 वर्षीय किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई से आरोपियों की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। आरोपियों ने मृतक के 11 वर्षीय बेटे पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मालनपुर निवासी दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, 45 वर्षीय राजकुमार उर्फ छुन्ना गुर्जर अपने परिवार के साथ गांव के बाहर खेत पर बने मकान में रहता था। घटना के वक्त वह अपने 11 वर्षीय बेटे शिवम के साथ खेत पर ही था। रात के समय मालनपुर निवासी रूपसिंह धोबी और लक्ष्मण सिंह धोबी वहां पहुंचे और घर पर हमला बोल दिया। दोनों ने राजकुमार को गालियां दीं। जब उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे बारी-बारी से दो गोलियां मार दीं। घटना के दौरान राजकुमार का 11 साल का बेटा शिवम भी वहीं मौजूद था। जब बेटे ने अपने पिता को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके सिर में डंडा मारकर जानलेवा हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव को रात में ही मौ कस्बे के पीएम हाउस में रखवाया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है |