मनोरंजन
16-Jan-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का नया गाना रिलीज किया गया, जिसने दर्शकों के दिलों में पुरानी यादें ताजा कर दीं। खास बात यह है कि इस बार फिल्म में सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी भी अहम भूमिका निभा रहे हैं, जिससे यह पल उनके लिए और भी खास बन गया। इस मौके पर अभिनेता सुनील शेट्टी भावुक नजर आए और उनकी प्रतिक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ‘बॉर्डर 2’ का यह नया गाना सीधे तौर पर पहली ‘बॉर्डर’ फिल्म से जुड़ाव रखता है। सालों पहले आई ‘बॉर्डर’ में गाना ‘ऐ जाते हुए लम्हों’ सुनील शेट्टी पर फिल्माया गया था, जिसमें उन्होंने फौजी भैरव सिंह का किरदार निभाया था। उस गाने में एक सैनिक के कर्तव्य, उसकी निजी जिंदगी, पत्नी से जुदाई और देश के लिए त्याग की भावनाओं को बेहद मार्मिक ढंग से दिखाया गया था। यही वजह है कि वह गाना आज भी दर्शकों के दिलों के बेहद करीब है। अब उसी गाने की भावनात्मक विरासत ‘बॉर्डर 2’ में आगे बढ़ती नजर आ रही है। गाने के रिलीज के दौरान सुनील शेट्टी ने कहा कि यह गाना उनके लिए सिर्फ एक म्यूजिक ट्रैक नहीं, बल्कि भावनाओं का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि पहली फिल्म में यह गाना उनके लिए गाया गया था और वह फिल्म व गाना दोनों ही आइकॉनिक बन गए थे। अब उसी कहानी और उसी जज़्बात से जुड़ा उनका बेटा भी इस फिल्म का हिस्सा है, जो उनके लिए गर्व और खुशी का पल है। सुनील शेट्टी ने यह भी कहा कि हिंदी सिनेमा में शायद पहली बार इस तरह के किरदार में एक नेवल ऑफिसर को दिखाया जा रहा है और इसके लिए वह खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने मेकर्स की तारीफ करते हुए कहा कि गाने के ओरिजिनल बोल बदले नहीं गए हैं और नई पीढ़ी को जोड़ते हुए भी वही इमोशंस बरकरार रखे गए हैं। अपने बेटे अहान शेट्टी को लेकर सुनील शेट्टी ने कहा कि लोग अक्सर यह मान लेते हैं कि स्टार किड्स को काम आसानी से मिल जाता है, लेकिन असल में हर इंसान को अपनी पहचान खुद बनानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि पहले जेपी दत्ता ने उन्हें ‘बॉर्डर’ के लिए चुना था और अब उनका बेटा ‘बॉर्डर 2’ का हिस्सा है, जो उनके लिए गर्व की बात है। सुनील शेट्टी ने फिल्म की निर्माता निधि दत्ता और भूषण कुमार की भी जमकर सराहना की। गाने की बात करें तो ‘बॉर्डर 2’ के इस नए गाने को विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है और इसका संगीत मिथुन ने तैयार किया है। वहीं, ओरिजिनल गाने को अनु मलिक ने कंपोज किया था और रूप कुमार राठौर की आवाज ने उसे अमर बना दिया था। बता दें कि सनी देओल और वरुण धवन स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ लंबे समय से सुर्खियों में बनी हुई है। सुदामा/ईएमएस 16 जनवरी 2026