व्यापार
16-Jan-2026
...


- चांदी का भाव 2,89,050 प्रति किलो, सोना 1,42,799 रुपए प्रति 10 ग्राम नई ‎‎‎दिल्ली (ईएमएस)। घरेलू वायदा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर बाजार खुलते ही चांदी की कीमतों में तेज दबाव देखने को मिला और यह करीब 6,000 रुपये प्रति किलो तक टूट गई। वहीं सोने की कीमतों में भी मामूली कमजोरी नजर आई, जिससे निवेशकों में थोड़ी सतर्कता देखी गई। 5 मार्च डिलीवरी वाली चांदी पिछले कारोबारी सत्र में 2,91,577 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। शुक्रवार को यह गिरावट के साथ 2,87,127 रुपये प्रति किलो पर खुली। शुरुआती कारोबार में चांदी 2,85,513 रुपये के निचले स्तर तक फिसल गई, जबकि इसका ऊपरी स्तर 2,88,901 रुपये रहा। इस समय चांदी 2,527 रुपये की गिरावट के साथ 2,89,050 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। बाजार में आई इस गिरावट को मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं सोने की कीमतों में भी हल्की गिरावट देखने को मिली। 5 फरवरी डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,43,121 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि शुक्रवार को यह 1,42,589 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में सोना 1,42,400 रुपये के निचले स्तर तक गया और 1,42,837 रुपये के उच्च स्तर तक पहुंचा। इस समय सोना 322 रुपये की गिरावट के साथ 1,42,799 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया। हालांकि कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन लंबी अवधि के लिहाज से कीमती धातुओं का रुझान मजबूत बना हुआ है। साल 2026 में अब तक सोने की कीमत करीब 5 फीसदी और चांदी की कीमत लगभग 15 फीसदी बढ़ चुकी है। वहीं बीते एक साल में सोने ने करीब 80 फीसदी का रिटर्न दिया है, जबकि चांदी ने लगभग 192 फीसदी की जबरदस्त तेजी दिखाई है। सतीश मोरे/15जनवरी ---