क्षेत्रीय
16-Jan-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | जन्म से दिल में छेद की गंभीर बीमारी की वजह से मुरझाए मासूम बच्ची अनाया के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई है। समय पर मिले इलाज और पोषण एवं पुनर्वास केन्द्र (एनआरसी) में हुई देखभाल से अनाया को नया जीवन मिला है। अनाया के दिल का सफल ऑपरेशन आयुष्मान कार्ड एवं सरकार की योजनाओं के आधार पर पूर्णत: नि:शुल्क हुआ है। ग्वालियर जिले के विकासखंड डबरा के ग्राम धवा की निवासी श्रीमती शीतला कुशवाह बताती हैं कि उनकी बिटिया अनाया जन्म के कुछ समय बाद बार-बार बीमार रहने लगी। आंगनबाड़ी केंद्र धवा की कार्यकर्ता श्रीमती रामसखी राय ने गृहभेंट के दौरान बच्ची की तकलीफ देखी। उनकी सलाह पर अनाया को एनआरसी में भर्ती कराया। तभी जांच के दौरान अनाया के दिल में छेद होने की पुष्टि हुई। शीतला कुशवाह कहती हैं कि मेरी इतनी सामर्थ्य नहीं थी कि बेटी के हृदय का ऑपरेशन का खर्च वहन कर सकें। ऐसे में आयुष्मान कार्ड ने हमें सहारा दिया। सरकारी खर्चे पर इंदौर में हुए सफल ऑपरेशन के बाद आज अनाया पूरी तरह स्वस्थ है। अनाया को आंगनबाड़ी और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) की सतर्क स्वास्थ्य निगरानी की बदौलत नया जीवन मिला है। आंगनबाड़ी केंद्र से अनाया व उसकी माँ को नियमित पोषण आहार, टीकाकरण व आवश्यक दवाइयां मिल रही हैं। शीतला कुशवाह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद जाहिर करते हुए बोलीं कि केन्द्र व राज्य सरकार ने हम जैसे जरूरतमंदों के आयुष्मान कार्ड बनाकर बड़ी मदद की है। साथ ही कम वजन के बच्चों को सुपोषित बनाने के लिये एनआरसी खोले हैं। शीतला कुशवाह गाँव की अन्य महिलाओं से भी अपील कर रही हैं कि वे अपने शिशुओं को नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र की सेवायें जरूर दिलायें। साथ ही यदि बच्चे का वजन ज्यादा कम हो तो उसे सरकार द्वारा संचालित एनआरसी में भर्ती कराएं।