राज्य
16-Jan-2026


* उत्तरायण की रात रही सीजन की सबसे ठंडी, 22 जनवरी के बाद फिर बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग की चेतावनी अहमदाबाद (ईएमएस)| राज्य में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुजरात के पांच शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जबकि अमरेली 6 डिग्री के साथ राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। उत्तरायण की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात साबित हुई। गुरुवार रात अहमदाबाद में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज और सर्द हवाओं के कारण ठंड की तीव्रता और अधिक महसूस की गई। अन्य शहरों की बात करें तो राजकोट में 8.4, पोरबंदर में 8.9, डीसा में 9.3, नलिया में 9.6, वडोदरा में 10, गांधीनगर में 10.5, भावनगर में 10.6 और भुज में 12.4 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 10 डिग्री के आसपास बना हुआ है। तापमान में लगातार गिरावट से ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से 22 जनवरी से तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। उत्तर गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ जिलों में तापमान 10 डिग्री या उससे नीचे जा सकता है। फिलहाल गुजरात के ज्यादातर हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि, आज और कल तापमान में 1 से 2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आंशिक राहत मिलने की संभावना है। लेकिन 16 जनवरी के बाद एक बार फिर ठंड बढ़ेगी। खास तौर पर उत्तर गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ और पूर्वी गुजरात के इलाकों में ठंड का असर अधिक रहेगा। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, 22 जनवरी के बाद ठंड का प्रकोप और तेज हो सकता है। इस दौरान तापमान काफी नीचे जा सकता है। उत्तर गुजरात और कच्छ में तापमान 10 डिग्री से नीचे गिरने की संभावना है। कच्छ में 22 जनवरी के बाद तापमान 10 डिग्री या उससे भी कम हो सकता है। राजकोट, सुरेंद्रनगर, अमरेली, गिर सोमनाथ सहित सौराष्ट्र के इलाकों में भी 22 जनवरी के बाद तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 22 से 25 जनवरी के बीच दिन के तापमान में भी भारी गिरावट हो सकती है, जिससे दिन में भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड महसूस होगी। इस दौरान सौराष्ट्र में हवाओं की गति बढ़कर 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 जनवरी के बाद एक बड़ा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है, जिसके असर से गुजरात के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। सतीश/16 जनवरी