:: 5-6 वर्ष के बच्चों को मिलेंगे प्रमाण-पत्र, प्राथमिक शालाओं में प्रवेश को प्रोत्साहित करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की अनूठी पहल :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आगामी 24 मार्च को राज्य स्तरीय विद्यारम्भ प्रमाण-पत्र वितरण एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ समारोहपूर्वक संपन्न होगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य 5 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को आंगनवाड़ी से प्राथमिक शाला में सहज प्रवेश के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की नियमित शिक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और अभिभावकों की गरिमामय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक बच्चे को मिलने वाले ए-4 साइज के विशेष प्रमाण-पत्र पर 10 अंकों की यूनिक आईडी अंकित होगी, जिससे बच्चों का व्यवस्थित रिकॉर्ड संधारित किया जा सके। इसके लिए परियोजना स्तर पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यापक अभियान की सफलता के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, रॉकेट लर्निंग, पीरामल फाउंडेशन और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन जैसी प्रमुख संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है। विभाग ने सभी जिलों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रकाश/19 मार्च 2026