:: मांगलिया सबस्टेशन में मिली व्यावहारिक जानकारी :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा प्रदेशभर में नव-नियुक्त जूनियर इंजीनियरों (जेई) के लिए विशेष फील्ड प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। प्रशिक्षण के प्रारंभिक चरण में इंदौर के 220 केवी मांगलिया सबस्टेशन पर अनुभवी मेंटर्स द्वारा नवनियुक्त अभियंताओं को ट्रांसमिशन सिस्टम की बारीकियों से अवगत कराया गया। इंदौर में कार्यपालन अभियंता विनीता भावसार के मार्गदर्शन में जूनियर इंजीनियरों को सबस्टेशन संचालन, रखरखाव और सुरक्षा मानकों का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अभियंताओं को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और सटीक कार्यप्रणाली के लिए तैयार करना है। जबलपुर मुख्यालय द्वारा गठित विशेष कोर टीम के संयोजन में आयोजित इस प्रशिक्षण में सर्किल स्तर के वरिष्ठ अधिकारी अपना अनुभव साझा कर रहे हैं। इस पहल से नए अभियंताओं को किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक फील्ड चुनौतियों को समझने और बेहतर कार्य निष्पादन में सहायता मिलेगी। प्रकाश/19 मार्च 2026