राष्ट्रीय
17-Jan-2026


कोहरे के चलते हुए सड़क हादसों में 5 मौत, 50 से अधिक घायल नई दिल्ली,(ईएमएस)। कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश तक ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को हुई बर्फबारी का असर अब पूरे उत्तर भारत में देखने को मिला है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत करीब 12 राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के चलते मैदानी इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस ठंड में उत्तर प्रदेश के 53 शहर घने कोहरे की चादर में समाए नजर आए हैं। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे सड़क हादसे बढ़ गए। अलग-अलग जिलों में हुए हादसों में करीब 40 वाहन आपस में टकरा गए। इन सड़क दुर्घटनाओं में करीब 5 लोगों की मौत होने और 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेल व हवाई यातायात पर कोहरे का असर कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। वंदे भारत एक्सप्रेस समेत 100 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। सर्दी और कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, सहारनपुर, बदायूं और संभल में कक्षा 8वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं अमृतसर में सुबह 7 बजे तक घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता शून्य दर्ज की गई। दिल्ली में भी कोहरे के कारण विजिबिलिटी 20 मीटर से कम रही, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हुआ। पाइपलाइनों में जमा पानी तापमान की बात करें तो मध्य प्रदेश के मंदसौर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस, हरियाणा के भिवानी में 1.5 डिग्री और पंजाब के नवांशहर में 0.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में नदियां और नाले जम चुके हैं, जबकि कई जगहों पर पाइपलाइनों में पानी जमने से पेयजल संकट की स्थिति बन गई है। कश्मीर घाटी में भी ठंड चरम पर है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि पुलवामा में माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिन का मौसम ऐसे में मौसम विभाग का अनुमान है, कि 18 जनवरी को उत्तर भारत में सर्दी और घना कोहरा बना रहेगा। सुबह और शाम के समय दृश्यता कम रहने की संभावना है। कश्मीर और हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं 19 जनवरी को भी उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर जारी रह सकता है। तापमान सामान्य से नीचे रहने की उम्मीद है। राजस्थान और आसपास के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या मावठ के आसार जताए गए हैं। हिदायत/ईएमएस 17जनवरी26