दुर्ग(ईएमएस)। जिले की केंद्रीय जेल में बंद हत्या (धारा 302) के मामले में सजा काट रहे विनय प्रताप सिंह (35 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक कैदी मोहन नगर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के मामले में मार्च 2023 से केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध था। मामले की सुनवाई के बाद 28 नवंबर 2025 को उसे दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई गई थी। जेल प्रशासन के अनुसार, विनय प्रताप सिंह लंबे समय से लो शुगर (हाइपोग्लाइसीमिया) और मानसिक बीमारी से पीड़ित था। उसकी तबीयत अक्सर बिगड़ती रहती थी, जिस कारण उसे जेल अस्पताल में नियमित इलाज दिया जा रहा था। डॉक्टरों की निगरानी में उसे दवाइयां दी जाती थीं और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण भी होता था। बीते दिन सुबह कैदी की हालत अचानक गंभीर हो गई। लो शुगर के चलते उसकी स्थिति बिगड़ने लगी, जिसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल रायपुर रेफर करने का निर्णय लिया। एम्बुलेंस के जरिए उसे रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। केंद्रीय जेल अधीक्षक मनीष संभाकर ने बताया कि रायपुर से सूचना मिली कि इलाज के दौरान कैदी की मौत हो गई। जेल प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि कैदी की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई। मौत की खबर के मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और जांच के आदेश दिए गए हैं।