- डीप क्लीनिंग और नाइट स्वीपिंग पर जोर जबलपुर (ईएमएस)। शहर को साफ स्वच्छ बनाने सफाई व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा हैं| नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शनिवार की सुबह 7 बजे शहर के कई वार्डो का दौरा किया| इस दौरान वे तंग गलियों में पैदल-पैदल घूमे| उन्होंने डीप क्लीनिंग एवं नाईट स्वीपिंग पर विशेष जोर दिया| निगमायुक्त ने निगम के अमले को प्रतिदिन वार्डों में पैदल भ्रमण कर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने साठिया कुंआ, खटीक मोहल्ला, सराफा, बड़ा फुहारा, कमानिया, मछरहाई, श्रीनाथ की तलैया और अंधेरदेव जैसे प्रमुख व्यापारिक तथा तंग रिहायशी क्षेत्रों की गलियों में पहुंचकर साफ सफाई के हाल जाने। उन्होंने मुख्य मार्गों के साथ-साथ अंदरूनी गलियों की सफाई का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्रों में दिन की भीड़भाड़ से बचने के लिए रात में नाइट स्वीपिंग अभियान नियमित रूप से चलाया जाए। इस दौरान उन्होंने गलियों के मोड़ों और कचरा संग्रहण केंद्रों पर कचरा जमा न होने देने की सख्त हिदायत भी दी। भ्रमण के दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने क्षेत्र के लोगों से साफ सफाई की स्थिति पर फीडबैक लिया। सुनरहाई क्षेत्र में एक व्यापारी को पॉलीथिन का उपयोग करते देख उन्होंने स्वयं समझाइश दी। उन्होंने क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी लोगों से अनुरोध किया। निगमायुक्त के भ्रमण के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, संभागीय अधिकारी महेंद्र यूके, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, अर्जुन यादव, पोला राव, संभागीय उपयंत्री पवन सिंह ठाकुर, संदीप पांडे और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक अतुल रैकवार व सौरभ त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। सुनील साहू / मोनिका / 17 जनवरी 2026/ 3.32