रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर किसानों के खिलाफ जबरदस्ती रकबा सरेंडर और टोकन रद्द करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद से बचने के लिए भाजपा सरकार किसानों को परेशान कर रही है। श्री ठाकुर ने बताया कि धान खरीदी में अभी 12 दिन शेष होने के बावजूद व्यवस्था भयानक रूप से खराब है। किसानों को धान बेचने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार धान खरीदी के मनगढ़ंत आंकड़े जारी कर किसानों में भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी मंडियों को ठेका प्रणाली में दे दिया गया है। उदाहरण के लिए, जांजगीर-चांपा के नवागढ़ ब्लॉक के कीरित में 7 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर ठेकेदार धान खरीद रहे हैं और किसानों से 40 किलो से अधिक तौलकर उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं, मगरलोड बिरझूली में एक भाजपा कार्यकर्ता के 12 एकड़ का टोकन बिना सूचना के रद्द कर दिया गया, जिससे किसान ने आत्मदाह की चेतावनी दी है। धान खरीदी केंद्रों में पहले से खरीदी हुई धान की कस्टम मिलिंग नहीं होने के कारण भी जाम लग गया है और किसान अपनी उपज बेच नहीं पा रहे। प्रदेशभर में सरकार किसानों के खलिहान और ब्यारा की चेकिंग कर उन्हें परेशान कर रही है। धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की यह किसान विरोधी नीति किसानों को आत्महत्या जैसे घातक कदम उठाने पर मजबूर कर रही है। वहीं कांग्रेस ने मांग की है कि पंजीकृत किसानों से वादा अनुसार धान खरीदी की जाए। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/17 जनवरी 2026