अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने मुंबई दौरे के दौरान सीएम फडणवीस समेत कई दिग्गजों से की मुलाकात नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिका में भारत के राजदूत सर्जियो गोर ने अपने पहले मुंबई दौरे का सफलतापूर्वक समापन किया। इस दौरान उन्होंने राजनीति, उद्योग, बैंकिंग और व्यापार जगत की कई प्रमुख हस्तियों से मुलाकात कर भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की। गोर ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भारतीय रिजर्व बैंक (आइबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और टाटा समूह के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन से महत्वपूर्ण बैठकें कीं। मुंबई दौरा पूरा होने के बाद अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने लिखा, मुंबई का बहुत सफल दौरा समाप्त हुआ। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा, रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी, टाटा के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, भारत के फार्मा सेक्टर के वरिष्ठ अधिकारी और धार्मिक नेताओं के साथ शानदार बैठकें रहीं। व्यापार, तकनीक, शिक्षा, ऊर्जा और मजबूत सप्लाई चेन के क्षेत्रों में हम मजबूत गति बना रहे हैं, क्योंकि अमेरिका-भारत साझेदारी लगातार आगे बढ़ रही है। गौरतलब है कि सर्जियो गोर ने अपने मुंबई दौरे की शुरुआत अमेरिकी वाणिज्य दूतावास से की थी। इस अवसर पर उन्होंने कहा था, कि मुंबई में अपने पहले दौरे की शुरुआत दूतावास से करना उनके लिए उत्साहजनक है और यहां की टीम अमेरिका-भारत साझेदारी को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ हुई बैठक को दोनों देशों के लिए अहम माना जा रहा है। इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए गोर ने लिखा कि सीएम फडणवीस के साथ उनकी बैठक बेहद सकारात्मक रही। इसमें व्यापार और निवेश, एंटरटेनमेंट, तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग, ऊर्जा और स्वास्थ्य जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अमेरिका और महाराष्ट्र के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष मिलकर कई बड़े अवसरों पर काम कर सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस बैठक को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का मुंबई में अपने आधिकारिक आवास पर स्वागत कर उन्हें खुशी हुई। बैठक में महाराष्ट्र और अमेरिका के बीच सहयोग को और गहरा करने पर सार्थक चर्चा हुई। फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र में अमेरिकी निवेश बढ़ाने और महाराष्ट्र की कंपनियों की अमेरिका में मौजूदगी मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने नवी मुंबई इंटरनेशनल एजुकेशन सिटी जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की जानकारी भी दी। गौरतलब है कि इस समय भारत और अमेरिका के रिश्ते कुछ हद तक संवेदनशील दौर से गुजर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में दोनों देशों के बीच कुछ मुद्दों पर मतभेद उभरे हैं। इसके बावजूद, विशेषज्ञों का मानना है कि भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी लंबी अवधि में दोनों देशों के लिए बेहद अहम बनी रहेगी। सर्जियो गोर का मुंबई दौरा इसी दिशा में एक सकारात्मक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 18जनवरी26