क्षेत्रीय
19-Jan-2026


मरीजों को नहीं मिल रहा योजना का लाभ छिंदवाड़ा (ईएमएस)। सरकार द्वारा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा के लिए शुरू की गई संजीवनी 108 एंबुलेंस सेवा इन दिनों मेंटनेंस के अभाव में खुद बीमार पड़ी हुई है। अमरवाड़ा की 108 एंबुलेंस बीते कई दिनों से खराब होकर इलाज के लिए भोपाल में खड़ी है, जिसके कारण क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि अमरवाड़ा की संजीवनी 108 एंबुलेंस तकनीकी खराबी के चलते भोपाल भेजी गई थी, लेकिन लंबे समय बाद भी उसमें कोई सुधार नहीं हो सका है। परिणामस्वरूप अमरवाड़ा में यह सेवा पूरी तरह बंद पड़ी है। वर्तमान में अमरवाड़ा क्षेत्र सिंगोड़ी, हरई और चौरई की संजीवनी 108 एंबुलेंस के भरोसे चल रहा है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। घंटों की देरी, बढ़ रही मरीजों की परेशानी यदि अमरवाड़ा से कोई जरूरतमंद 108 एंबुलेंस के लिए कॉल करता है, तो कॉल सिंगोड़ी, हर्रई या चौरई की एंबुलेंस को फॉरवर्ड कर दी जाती है। इन एंबुलेंसों के अन्य घटनाओं में व्यस्त होने की स्थिति में अमरवाड़ा पहुंचने में 2 से 3 घंटे तक का समय लग जाता है। इस देरी के कारण गंभीर मरीजों और सडक़ दुर्घटना में घायलों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। इधर जुन्नारदेव में 2 घंटे तड़पता रहा मरीज जिले के जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के मरीजों को भी १०८ एम्बुलेंस का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ताजा मामला शनिवार-रविवार की दरमियानी रात का है। सडक़ दुर्घटना में गंभीर हुए दो लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दमुआ से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया था। 108 एंबुलेंस से दोनों को जिला चिकित्सालय ले जाया जा रहा था इसी दौरान जुन्नारदेव में वेलफेयर अस्पताल के पास आकर 108 एम्बुलेंस अचानक ही खराब हो गई और घायल मरीज एम्बुलेंस में दो घंटे तक तरपते रहे। ईएमएस/मोहने/ 19 जनवरी 2026