:: गुप्त नवरात्रि पर ललिता सहस्त्र नामावली से किया अर्चन, राष्ट्र कल्याण की कामना :: इंदौर/नलखेड़ा (ईएमएस)। गुप्त नवरात्रि के पावन उपलक्ष्य में माँ अंजनि मातृशक्ति मंडल इंदौर की 108 सौभाग्यवती महिलाओं ने नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन किया। ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी गिरिजानंद सरस्वती भगवन की प्रेरणा से आयोजित इस धार्मिक प्रवास में मातृशक्ति ने विधि-विधान से माता की आराधना की। मंदिर परिसर में आयोजित इस सामूहिक अनुष्ठान में आचार्य पं. राजेश शास्त्री, आचार्य पं. जितेंद्र शर्मा एवं आचार्य पं. नीलेश जोशी के निर्देशन में ललिता सहस्त्र नामावली के मंत्रों के साथ पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर 108 सौभाग्यवती महिलाओं ने एक स्वर में मंत्रोच्चार कर समाज और राष्ट्र में सुख, शांति एवं सद्भावना की स्थापना के लिए प्रार्थना की। :: धार्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा परिसर :: माँ अंजनि मातृशक्ति मंडल के सदस्यों ने बताया कि गुप्त नवरात्रि की बेला में किया गया यह अनुष्ठान आत्मिक शांति और शक्ति की उपासना के उद्देश्य से किया गया था। पूजन के पश्चात सभी महिलाओं ने मंदिर में दर्शन लाभ लिए और सामूहिक आरती में भाग लिया। इस आयोजन को लेकर मातृशक्ति में खासा उत्साह देखा गया और पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। प्रकाश/19 जनवरी 2025