क्षेत्रीय
20-Jan-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस) नगर के सुठालिया रोड के वंशीनगर में किराए के घर में रहने वाला एक वारंटी एंटी करप्शन इंडिया के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा था। सिटी पुलिस की टीम ने रविवार रात आरोपी को घर की घेराबंदी कर दबोच लिया। सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि बागौरा गांव निवासी दिनेश पुत्र ओमप्रकाश सोनी 35 शहर के सुठालिया रोड पर वंशीनगर में रहता है। आरोपी 2022 के एक चैक बाउंस के मामले में वारंटी था। बीते कई दिनों से पुलिस को वारंटी की तलाश थी। रविवार रात सिटी पुलिस की टीम पहुंची, जहां वारंटी ने घर का दरवाजा बंद कर लिया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस घर के अंदर घुसी, जहां से वारंटी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को वारंटी को जेल भेज दिया है। जानकारी अनुसार रविवार रात सिटी पुलिस को वारंटी के घर में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सिटी पुलिस के जवान सुठालिया रोड वंशीनगर वारंटी को पकड़ने पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी ने घर का मुख्य दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस से बचने के लिए गैस सिलेंडर में आग लगा जान देने की धमकी देने लगा। पुलिस की समझाइश के बाद भी वारंटी ने दरवाजा नहीं खोला। लगभग एक घंटे से अधिक समय तक पुलिस मशक्कत करती रही। बाद में पुलिस ने ग्लाइंडर से दरवाजा काटा और घर के भीतर पहुंची। वारंटी पुलिस को देखकर डबल बैड के भीतर बंद हो गया। बाद में पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली, जहां डबल बैड में छिपा होने पर पकड़ लिया। बताया जाता है कि वारंटी दिनेश सोनी बागौरा गांव का रहने वाला है। लगभग 10 साल पहले आरोपी ने फर्जी दस्तावेज बनाकर गांव के लोगों को लोन दिलाने के नाम पर गांव के कई लोगों से 300-500 रुपए की ठगी की थी। उसके बाद आरोपी गांव छोड़कर ब्यावरा में रहने लगा, जहां कंपनी और लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने लगा। जब ब्यावरा में लोगों को ठगी की जानकारी लगी तो आरोपी जिले के बाहर दूसरे शहरों में लोगों के साथ ठगी की वारदातों को अंजाम देने में लग गया। आरोपी पर ब्यावरा के साथ दूसरे जिलों में ठगी के मामले दर्ज है। कई थानों की पुलिस तलाश भी कर रही है। सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि चैक को लेकर 2022 के मामले में वारंटी था। पुलिस कई दिनों से वारंटी की तलाश कर रही थी। रविवार रात पुलिस ने दबिश दी थी। आरोपी पुलिस से बचने के लिए दरवाजा बंद कर दिया। जान देने की धमकी भी देता रहा। पुलिस से बचने के लिए डबल बैड में छिप गया था। पुलिस ने आरोपी को बैड से पकड़कर थाने लाया गया था। अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। -निखिल कुमार (ब्यावरा )20/1/2026