- बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने हल्ला बोला जबलपुर (ईएमएस)। शहर में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते संगठित एवं असंगठित अपराध, अवैध नशे के कारोबार, अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा विपक्षी जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरुद्ध की जा रही पक्षपातपूर्ण कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान एसपी आफिस के बाहर भारी पुलिस बल तैनात था और पुलिस ने बैरीकेटिंग कर रखी थी। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प व धक्का मुक्की भी हुई। इस अवसर पर पूर्व केबिनेंट मंत्री, विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि जबलपुर शहर में विधि द्वारा स्थापित शासन व्यवस्था का निरंतर क्षरण हो रहा है। आम नागरिक भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को विवश है। हत्या, लूट, चोरी, डकैती, चाकूबाजी, अवैध वसूली, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, अवैध नशा तथा जुआ-सट्टा जैसी घटनाओं में निरंतर वृद्धि हो रही है, जबकि पुलिस प्रशासन अपने संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन में निष्क्रिय एवं असफल सिद्ध हो रहा है। विधायक ने आगे कहा कि सत्ताधारी दल के दबाव में विपक्षी दल के जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरुद्ध झूठे, दुर्भावनापूर्ण एवं राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतिकूल है। ज्ञापन में हाल के एक माह में घटित कई गंभीर आपराधिक घटनाओं का उल्लेख किया गया, जिनमें हनुमानताल क्षेत्र में जहरीली शराब से 19 नागरिकों की मृत्यु, विजय नगर थाना परिसर में युवक की चाकू मारकर हत्या, पत्रकार को धमकाने की घटना, रिछाई, पाटन, सिविल लाइन, सिहोरा, कांचघर एवं तिलवारा क्षेत्र में हुई हत्याएँ एवं जानलेवा हमले प्रमुख हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि - अपराधियों के विरुद्ध निष्पक्ष, त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाए, अवैध नशे, जुआ-सट्टा एवं मादक पदार्थों के नेटवर्क पर तत्काल सख्ती हो, निर्दोष नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फँसाने पर रोक लगे, यातायात व्यवस्था को जनसुरक्षा के अनुरूप सुधारा जाए, नशे में प्रयुक्त प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए, एवं शहर में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे तत्काल चालू किये जाए, अपराध रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन को उसके संवैधानिक उत्तरदायित्वों के प्रति जवाबदेह बनाया जाए। आन्दोलन में यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, दिनेश यादव, शहर प्रभारी राजकुमार खुराना, नेता प्रतिपक्ष अमरीक्ष मिश्रा, सेवादल अध्यक्ष सतीश तिवारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश यादव, जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सत्येन्द्र कुकरेले, हाजी कदीर सोनी, मतीन अंसारी, पार्षद जितेन्द्र सिंह ठाकुर, संजय साहू, कल्लन गुप्ता, राकेश पांडे, गुलाम हुसैन, कलीम खान, प्रमोद पटैल, याकूब अंसारी, डॉ.रमाकांत रावत ब्लाक अध्यक्ष आजम अली खान, अभिषेक चंदेल, असित यादव, संजय अहिरवार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष यूथ कांग्रेस उवैश अंसारी, पारस जैन, मुरलीधर राव, सम्मती सैनी, अनुराग गढ़वाल, रूपेन्द्र पटेल, सुबोध पहारिया, जीत जागडे़, मुन्नू पंडा, मुन्ना बेन, मुन्ना शुक्ला, रितेश अग्रवाल, अयोध्या तिवारी, हर्षित यादव, कीर्ति सिंह ठाकुर, आभा पटेल, रूबी बग्गन, तबासुम अंसारी, विजिता गावडे़ ज्योति मेहतो, मनोरमा गोलछा, सविता खटीक आदि हजारों की संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थें। सुनील साहू / मोनिका / 20 जनवरी 2026