बलसाड़,(ईएमएस)। केंद्र शासित प्रदेश दमन में मिठाई की एक दुकान में तेंदुआ घुस गया जिसके बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने 10 घंटे तक रेस्क्यु कर बाद उसे पकड़ लिया। अधिकारियों बताया कि वन विभाग को मंगलवार सुबह 11.30 बजे सूचना मिली कि नानी दमन इलाके के एक बाजार में मिठाई की दुकान में तेंदुआ घुस गया है। उप वन संरक्षक ने बताया कि इसके बाद पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान में तेंदुआ इमारत की तीसरी मंजिल की सीढ़ियों पर बैठा नजर आया। बचाव दल ने बेहोश करने वाली दवा, जालों का इस्तेमाल कर पिंजरा लगाया। इस दौरान तेंदुए ने कई बार वन कर्मियों पर हमला करने की कोशिश की। वन विभाग के एक कर्मचारी को अभियान के दौरान मामूली चोटें भी आईं और उसे अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत स्थिर है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पड़ोसी राज्य गुजरात के वलसाड वन विभाग को सूचित किया गया और महाराष्ट्र के दहानू से भी एक त्वरित बचाव दल को बुलाया गया। अधिकारी ने बताया कि दहानू टीम को तेंदुए को बेहोश करने में सफलता मिली और बाद में उसे पिंजरे में डाला गया। अधिकारियों के मुताबिक तेंदुआ पिछले दो दिनों से दमन के शहरी इलाकों में नजर आ रहा था। बताया जा रहा है सोमवार रात को भी धोबी तालाब के पास उसे देखा गया था। सिराज/ईएमएस 21जनवरी26