रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में नव नियुक्त उप निरीक्षकों को बड़ा झटका लगा है। महज 24 घंटे पहले जारी किया गया नियुक्ति आदेश तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। आबकारी आयुक्त कार्यालय की ओर से निरस्तीकरण आदेश जारी करते हुए बताया गया है कि 21 जनवरी 2026 को जारी यह नियुक्ति आदेश तकनीकी कारणों से निरस्त किया गया है। जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा-2024 की चयन सूची के आधार पर 85 अभ्यर्थियों को आबकारी उप निरीक्षक पद पर नियुक्ति प्रदान की गई थी। नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल था, लेकिन अगले ही दिन यह आदेश वापस ले लिए जाने से चयनित उम्मीदवारों में असमंजस और निराशा का माहौल बन गया है। आबकारी आयुक्त के आदेश के बाद सभी नियुक्तियां शून्य मानी जाएंगी। हालांकि, तकनीकी कारणों को लेकर विभाग की ओर से कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। नियुक्ति प्रक्रिया में अचानक हुए इस घटनाक्रम ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चयनित अभ्यर्थी अब आगे की स्थिति और नए आदेश का इंतजार कर रहे हैं।सत्यप्रकाश(ईएमएस)22 जनवरी 2026 सत्यप्रकाश(ईएमएस)22 जनवरी 2026