लंदन (ईएमएस)। ब्रिटेन के प्रिंस हैरी लंदन की हाई कोर्ट में गवाही के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश मीडिया ने उनकी पत्नी मेगन मार्कल की जिंदगी को ‘नर्क’ बना दी। कई घंटे की सुनवाई के बाद वह आंसू रोकते हुए बाहर निकले। रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला ब्रिटिश अखबार के पब्लिशर के खिलाफ चल रहे मुकदमे से जुड़ा है। सुनवाई में प्रिंस हैरी ने कहा कि मीडिया उनकी निजी जिंदगी में लगातार दखल देता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्रकारों ने वैध स्रोतों के बजाय अवैध तरीकों से उनकी निजी जानकारी जुटाई। हैरी ने कहा, “वे अब भी मेरे पीछे पड़े हैं। उन्होंने मेरी पत्नी की जिंदगी पूरी तरह नर्क बना दी।” प्रिंस हैरी सहित सात मशहूर हस्तियों ने अखबार के पब्लिशर एसोसिएटेड न्यूजपेपर्स लिमिटेड पर मुकदमा किया है। आरोप है कि बीते करीब 20 साल में निजी जानकारी जुटाने के लिए गैरकानूनी तरीके अपनाए। वहीं पब्लिशर ने सभी आरोपों को खारिज कर कहा है कि विवादित खबरें वैध सोर्स पर आधारित थीं। यह ट्रायल करीब नौ हफ्ते चलने की उम्मीद है। हैरी ने कहा कि मीडिया के लगातार हमलों, उत्पीड़न और नस्लवादी लेखों की वजह से ही उन्होंने और मेगन ने 2020 में शाही जिम्मेदारियां छोड़कर अमेरिका जाने का फैसला किया। आशीष दुबे / 22 जनवरी 2026