‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ अभियान : स्कूली बच्चों ने दी अनाम शहीदों को सलामी, रविवार को होगा शहीद परिवार का सम्मान इंदौर (ईएमएस)। संस्था सेवा सुरभि द्वारा जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम के सहयोग से आयोजित ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ अभियान के तहत रीगल चौराहा स्थित इंडिया गेट की प्रतिकृति देशभक्ति के रंगों से सराबोर है। गुरुवार को शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के जज्बे से भर दिया। अभियान के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा व मनीष ठक्कर ने बताया कि गुरुवार सुबह श्रीश्री रविशंकर स्कूल, चमेलीदेवी पब्लिक स्कूल, सिका स्कूल, अग्रसेन विद्यालय और सन्मति स्कूल के बच्चों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रभक्ति गीत पेश किए। भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष से पूरा चौराहा गूंज उठा। संस्था के पदाधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। :: आज शाम मेरा रंग दे बसंती चोला की गूंज :: अभियान के तहत शुक्रवार 23 जनवरी को शाम 6.30 बजे से इंडिया गेट पर ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ संगीत संध्या का आयोजन होगा। स्टार फैन्स क्लब के हेमंत अग्रवाल ने बताया कि गायक यशवर्धन दुबे, मनीष शुक्ला व साथी कलाकार देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। :: यातायात पर परिचर्चा कल :: शनिवार 24 जनवरी को शाम 4 बजे प्रेस क्लब में शहर की यातायात व्यवस्था और समाधान पर परिचर्चा होगी। इसमें बेंगलुरु के विशेषज्ञ आशीष वर्मा शामिल होंगे। :: शहीद के परिजनों का होगा सम्मान :: रविवार 25 जनवरी को शाम 6 बजे दुआ सभागृह में देवास के शहीद संजय मीणा के परिजनों का सम्मान किया जाएगा। पश्चात शाम 7.30 बजे इंडिया गेट पर नागरिक शहीदों की स्मृति में मोमबत्तियां प्रज्वलित करेंगे। प्रकाश/22 जनवरी 2025 संलग्न चित्र – इंदौर। झंडा ऊंचा रहे हमारा अभियान के तहत इंडिया गेट और अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति पर पुष्पांजलि समर्पित करते स्कूली बच्चे। दूसरे चित्र में अपनी संगीतमयी प्रस्तुतियां देते स्कूली बच्चे।