-लूथरा ब्रदर्स के इन कंपनियों के जरिए काले धन को सफेद करने की आशंका नई दिल्ली,(ईएमएस)। गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में ईडी ने शुक्रवार को गोवा के चर्चित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपियों सौरभ और गौरव लूथरा के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने लूथरा भाइयों से जुड़े कुल 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है, जिनमें से तीन ठिकाने गोवा में और पांच दिल्ली में स्थित हैं। यह कार्रवाई 6 दिसंबर को हुए उस भीषण अग्निकांड के बाद मनी लॉन्ड्रिंग के शक में की गई है, जिसमें 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक पुलिस जांच में पहले ही लूथरा ब्रदर्स का 42 मुखौटा कंपनियों का एक जाल है, जो दिल्ली के एक ही पते पर रजिस्टर्ड है। इन कंपनियों के जरिए करोड़ों रुपए की हेराफेरी और काले धन को सफेद करने की आशंका जताई जा रही है। हाल ही में थाईलैंड से डिपोर्ट होकर भारत लाए गए लूथरा ब्रदर्स की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। ईडी की टीमों ने शुक्रवार सुबह दिल्ली और गोवा में एक साथ दबिश दी। दिल्ली में लूथरा भाइयों के घर और उनके उत्तर दिल्ली स्थित कार्यालयों की तलाशी ली जा रही है, जहां से शेल कंपनियों के ऑपरेट होने का शक है। वहीं, गोवा के उन ठिकानों और क्लब से जुड़े कार्यालयों को खंगाला जा रहा है, जहां से वित्तीय लेन-देन होता था। ईडी का फोकस उन दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों को जुटाना है, जो अवैध फंड के सोर्स का खुलासा कर सकें। बता दें गोवा के चर्चित नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को थाईलैंड से भारत लाया गया। लूथरा ब्रदर्स उस नाइट क्लब के को-ओनर हैं, जहां 6 दिसंबर 2025 को भीषण आग लगी थी। इस हादसे में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। अब उनकी भारत वापसी के बाद इस मामले की जांच ने रफ्तार पकड़ ली है। हादसे के कुछ घंटों बाद ही दोनों आरोपी मुंबई से थाईलैंड भाग गए थे। इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था। बता दें गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस को शक है कि आग सिलेंडर विस्फोट के कारण लगी थी। उत्तरी गोवा के अर्पोरा इलाके में एक नाइट क्लब में मारे गए लोगों में कुछ पर्यटक भी शामिल हैं। गोवा सीएम ने स्पष्ट कर दिया था कि इस अग्निकांड के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सिराज/ईएमएस 23जनवरी26