कभी मायावती के थे करीबी, अब चंद्रशेखर से मिलाएंगे हाथ लखनऊ(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस से नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने इस्तीफा दे दिया है। नसीमुद्दीन पहले बहुजन समाजवादी (बीएसपी) पार्टी में थे। लेकिन, उन्होंने बीएसपी छोडक़र कांग्रेस ज्वाइन किया था। अब उन्होंने कांग्रेस से भी अलविदा कह दिया है। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का बेहद करीबी माना जाता है। विधानसभा चुनाव तो अगले साल होनी है। लेकिन, आने वाले महीनों में प्रदेश में पंचायत के चुनाव भी होने हैं। नसीमुद्दीन के इस फैसले से उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने जब बसपा का साथ छोड़ा था, तब कांग्रेस ने उन्हें पार्टी के लिए एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में पेश किया गया था। उम्मीद जताई गई थी कि सिद्दीकी के आने से कांग्रेस को मुस्लिम वोट बैंक में मजबूती मिलेगी और संगठन को भी मदद मिलेगी। लेकिन कुछ ही समय में यह उम्मीद कमजोर पड़ती दिखाई दी। सिद्दीकी का कहना है कि उन्होंने पर्सनल कारणों की वजह से पार्टी छोडऩे का फैसला किया है। हालांकि, राजनीतिक गलियारों में ये चर्चा हो रही है कि वह सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशी राम) को ज्वाइन कर सकते हैं। हालांकि, अभी उन्होंने इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। विनोद उपाध्याय / 24 जनवरी, 2026