-वसुंधरा राजे ने कहा- महिलाएं अपने संघर्ष और संकल्प से लगातार आगे बढ़ रहीं जयपुर,(ईएमएस)। जयपुर के कॉन्सिट्यूशन क्लब में जाट महिला शक्ति संगम कार्यक्रम में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में पुरुषों के मुकाबले तीन गुना ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, तब जाकर उन्हें पहचान और स्थान मिलता है। उन्होंने कहा कि यह सच्चाई है, लेकिन महिलाएं अपने संघर्ष और संकल्प से लगातार आगे बढ़ रही हैं। इस कार्यक्रम में जाट महासभा के अध्यक्ष राजाराम मील ने कहा कि जाट आरक्षण को बचाने में वसुंधरा राजे की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि धौलपुर और भरतपुर के जाटों को आरक्षण दिलाने का काम भी वसुंधरा राजे के नेतृत्व में ही हुआ। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वसुंधरा राजे ने आंकड़ों के जरिए बताया कि आजादी के समय देश में महिला साक्षरता दर सिर्फ 9 फीसदी थी, जो आज बढ़कर 65 फीसदी हो चुकी है। आम चुनावों में महिला उम्मीदवारों की संख्या 1957 में 3 फीसदी थी, जो अब 10 फीसदी तक पहुंच गई है। पहली लोकसभा में 22 महिला सांसद थीं, जबकि आज यह संख्या 74 पहुंच गई है। राज्यसभा में भी महिलाओं की संख्या 15 से बढ़कर 42 हो गई है, लेकिन उन्होंने कहा कि यह अभी भी पर्याप्त नहीं है और महिलाओं की भागीदारी पुरुषों के बराबर होनी चाहिए। पूर्व सीएम ने कहा कि प्रतिभा पाटिल और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह साबित कर दिया है कि शिक्षा ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने कहा कि पढ़ी-लिखी महिलाएं हर क्षेत्र में बेहतर नेतृत्व दे सकती हैं। वसुंधरा राजे ने डॉ. कमला बेनीवाल, हेमा मालिनी, सुमित्रा सिंह, डॉ. प्रियंका चौधरी, रीटा चौधरी, डॉ. शिखा मील, सुशीला बराला, पद्मश्री सम्मानित कृष्णा पूनिया, कमला कंस्वा और दिव्या मदेरणा का उदाहरण देते हुए कहा कि महिलाओं ने राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। इस कार्यक्रम में विधायक डॉ. शिखा मील, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया और पूर्व न्यायाधीश डॉ. राजेंद्र चौधरी ने भी अपने विचार रखे और महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। सिराज/ईएमएस 25जनवरी26