अंतर्राष्ट्रीय
26-Jan-2026


वाशिंगटन (ईएमएस)। भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दुनिया भर से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा। अमेरिका ने भारत को इस खास मौके पर बधाई देते हुए दोनों देशों के बीच मजबूत और गहरे रिश्तों को रेखांकित किया। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक ऐतिहासिक साझेदारी है, जो समय के साथ और अधिक व्यापक व प्रभावशाली होती गई है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि अमेरिका के लोगों की ओर से वह भारत के लोगों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका-भारत संबंध सिर्फ द्विपक्षीय दायरे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह पूरे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की शांति, स्थिरता और वैश्विक चुनौतियों से निपटने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों देश रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और उभरती हुई तकनीकों जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। इसके अलावा क्वाड मंच के तहत भारत और अमेरिका की सक्रिय भागीदारी क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत कर रही है। रुबियो ने भरोसा जताया कि यह साझेदारी आने वाले वर्षों में और ठोस व सकारात्मक परिणाम देगी और साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देश मिलकर काम करते रहेंगे। पिछले दो दशकों में भारत और अमेरिका के रिश्तों में उल्लेखनीय मजबूती आई है। रक्षा, व्यापार, तकनीक और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ा है। आज यह साझेदारी इंडो-पैसिफिक ढांचे का एक अहम स्तंभ बन चुकी है, जहां भारत और अमेरिका अपने क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर आर्थिक विकास, नवाचार और स्थिरता को बढ़ावा दे रहे हैं। इस अवसर पर भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे ने भी भारत को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि वह भूटान के लोगों की ओर से भारत सरकार और जनता को दिल से बधाई देते हैं। उन्होंने भारत की समृद्ध यात्रा, प्रेरणादायक लोकतांत्रिक भावना और दोनों देशों के बीच साझा मूल्यों व गहरे संबंधों का उल्लेख किया। त्शेरिंग तोबगे ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में भारत और भूटान की साझेदारी और मजबूत होगी। रूस के दूतावास ने भी भारत को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय मित्रता और सद्भाव का संदेश दिया। रूसी दूतावास ने भारत की विविधता को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भारतीय गणतंत्र हर व्यक्ति की गरिमा में विश्वास पर आधारित है। भारत की विभिन्न भाषाओं में शुभकामनाएं देकर रूस ने भारत के प्रति अपने सम्मान को दर्शाया। बांग्लादेश के दूतावास ने भी भारत को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश साझा करते हुए कहा कि 26 जनवरी भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए खास दिन है। उन्होंने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत-ऑस्ट्रेलिया की मजबूत दोस्ती के एक और वर्ष की कामना की। डेविड/ईएमएस 26 जनवरी 2026