- पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा कांकेर(ईएमएस)। शहर के चारामा थाना क्षेत्र में पति द्वारा पत्नी के चरित्र पर शक कर उसे बेरहमी से पीटने और हत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, कंडेल निवासी महेंद्र यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी बहन सुमन यादव का सात साल पहले ग्राम मौखा निवासी प्रेमलाल यादव से विवाह हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही प्रेमलाल छोटी-छोटी बातों पर सुमन से झगड़ा और मारपीट करता था। इसके चलते सुमन और उनकी छोटी बच्ची अपने पैतृक घर छोड़कर चारामा के दुर्गा मंदिर के पास वार्ड क्रमांक 6 में किराए के मकान में रहने लगी थीं। रात के समय, प्रेमलाल यादव ने सुमन के चरित्र पर शंका कर उसे घर के चौखट और जमीन पर पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर हालत में सुमन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महेंद्र यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी प्रेमलाल यादव (33) को वार्ड क्रमांक 6 में छिपा हुआ पाया। आरोपी को पकड़ने पर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जुर्म स्वीकारने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।