राज्य
29-Jan-2026


भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं रचनात्मक बनाने के उद्देश्य से प्रतिभा खोज अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार एवं महामंत्री (संगठन) डॉ. संजय कामले के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत कांग्रेस विचारधारा से जुड़े समर्पित साथियों को आमंत्रित किया जा रहा है, जो चुनावी प्रक्रिया से अलग रहकर संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के इच्छुक हैं तथा जिला अथवा प्रदेश स्तर पर संगठन को समय दे सकते हैं। इसके साथ ही साहित्यिक एवं रचनात्मक विधाओं से जुड़े प्रतिभाशाली साथियों—जो गीत गाते हों, वाद्य यंत्र बजाते हों, विभिन्न विषयों पर लेखन करते हों, कविता, शायरी, नारे तैयार करते हों या कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन करते हों—को भी कांग्रेस संगठन के साथ जुड़कर कार्य करने के लिए आमंत्रित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस ने असके लिए इच्छुक एवं योग्य लोगों को अपने व्यक्तिगत विवरण के साथ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में महेन्द्र जोशी , वरिष्ठ उपाध्यक्ष (मो. 9810112141) एवं ललित सेन, प्रभारी, मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य (मो. 9993375005)से संपर्क करने की बात कही है। इस अभियान के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। सभी आयु वर्ग के योग्य एवं उत्साही साथियों का संगठन में स्वागत है। आशीष पाराशर/ईएमएस/29/01/2026