राज्य
29-Jan-2026


:: नेहरू नगर कन्या विद्यालय में कॅरियर काउंसलिंग संपन्न; छात्राओं ने लगाई तेजस्वी उत्पादों की प्रदर्शनी :: इन्दौर (ईएमएस)। जीवन अनमोल है और इसे नियोजित कर ही सपनों को साकार किया जा सकता है। जो विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर शैक्षणिक मार्ग चुनते हैं, वे न केवल सफल होते हैं बल्कि अपने कार्यक्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करते हैं। यह प्रेरक विचार प्रसिद्ध कॅरियर काउंसलर दीपक हलवे ने शासकीय नेहरू नगर कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यशाला में व्यक्त किए। :: समाचार पत्र हैं सफलता की कुंजी :: विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए श्री हलवे ने कहा कि दैनिक समाचार पत्रों को पाठ्यक्रम का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि न जाने कौन सी खबर आपकी मेधा को जगाकर जीवन की दिशा बदल दे। उन्होंने छात्राओं को सचेत रहकर सीखने और गुरुजनों व माता-पिता के मार्गदर्शन में आगे बढ़ने की सलाह दी। :: दिखा छात्राओं का हुनर :: कार्यशाला के दौरान विद्यालय में तेजस्वी योजना के अंतर्गत एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। जिला नोडल अधिकारी अमृता सोलंकी के मार्गदर्शन में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए स्वनिर्मित उत्पादों की विशेषज्ञों ने मुक्तकंठ से सराहना की। यह प्रदर्शनी छात्राओं के कौशल विकास और उद्यमिता की दिशा में एक प्रभावी कदम के रूप में देखी गई। :: प्रबुद्ध जनों का मिला मार्गदर्शन :: कार्यक्रम में राजू मेहरा, अर्चना शर्मा और विक्रम क्षीरसागर ने भी कॅरियर निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन संतोष तिवारी ने किया एवं आभार रचना कुशवाह द्वारा व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राएं और शिक्षक उपस्थित थे। प्रकाश/29 जनवरी 2026