राज्य
29-Jan-2026
...


इन्दौर (ईएमएस)। चिकित्सा एवं आयुष क्षेत्र में इंदौर का मान बढ़ाते हुए भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. ए.के. द्विवेदी को शिलांग (मेघालय) स्थित पूर्वोत्तर आयुर्वेद एवं होम्योपैथी संस्थान की प्रतिष्ठित वैज्ञानिक सलाहकार समिति का सदस्य नियुक्त किया है। संस्थान द्वारा जारी पत्र के अनुसार, डॉ. द्विवेदी अगले तीन वर्षों के लिए बतौर विशेषज्ञ इस स्वायत्त संस्थान को अपना तकनीकी मार्गदर्शन देंगे। उल्लेखनीय है कि डॉ. द्विवेदी वर्ष 2015 से केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद में भी वैज्ञानिक सलाहकार के रूप में सेवाएँ दे रहे हैं। दुर्लभ बीमारियों के उपचार और 27 वर्षों से संचालित एनीमिया जागरूकता अभियान में उनके योगदान को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. द्विवेदी ने इस नियुक्ति के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इंदौर में आगामी 22 फरवरी से 1 मार्च तक सांसद सेवा प्रकल्प के सहयोग से विशाल एनीमिया जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उनकी इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों और गुजराती समाज ने हर्ष व्यक्त किया है। प्रकाश/29 जनवरी 2026