रायगढ़(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के दौरान रायगढ़ जिले में प्रशासन ने अवैध धान के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। धान खरीदी शुरू होने के बाद से जिले में 1 लाख 35 हजार 545.20 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। इस दौरान 193 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी है और अब महज एक दिन शेष है। प्रशासन ने यह कार्रवाई कोचियों द्वारा अवैध भंडारण और अवैध परिवहन के मामलों में की है। धान खरीदी शुरू होने से पहले ही जिला प्रशासन अवैध धान पर नजर बनाए हुए था, जिसके चलते लगातार छापेमारी और जांच की गई। इस साल सबसे ज्यादा अवैध धान के मामले पुसौर ब्लॉक में सामने आए हैं। ओडिशा सीमा से सटे होने के कारण यहां बड़े पैमाने पर अवैध धान की आवाजाही पकड़ी गई। पुसौर ब्लॉक में 44 प्रकरण दर्ज कर 65,035.20 क्विंटल धान जब्त किया गया। सहदेवपाली स्थित कृष्णा राइस मिल में निरीक्षण के दौरान स्टॉक में भारी कमी पाई गई, जहां 58,284 बोरी धान अवैध रूप से भंडारित मिला। इसी तरह खरसिया ब्लॉक के मेसर्स बालाजी राइस मिल में 57,677 बोरी, जबकि ग्राम सुर्री स्थित शुभ राइस इंडस्ट्रीज में 30,100 बोरी धान जब्त किया गया। अन्य राइस मिलों में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई। धरमजयगढ़ ब्लॉक में 29, खरसिया में 25 और रायगढ़ ब्लॉक में 23 प्रकरण अवैध धान जब्ती के दर्ज किए गए हैं। जिले में अवैध परिवहन रोकने के लिए 10 अंतरराज्यीय और 14 अंतर-जिला चेकपोस्ट बनाए गए थे। यहां जांच के दौरान 21 प्रकरण दर्ज, 38 वाहन जब्त किए गए। इसके साथ ही 200 से अधिक कोचियों-बिचौलियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।