बिलासपुर (ईएमएस)। सेवा भाव, सामाजिक जिम्मेदारी, धर्म और संस्कृति से युवाओं को जोडऩे की दिशा में दृष्टि यूथ फाउंडेशन लगातार प्रेरणादायी कार्य कर रहा है। एक छोटे से प्रयास के रूप में शुरू हुई यह पहल आज सैकड़ों जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बन चुकी है। दृष्टि यूथ फाउंडेशन द्वारा बिलासपुर रेलवे जंक्शन के बाहर पिछले छह माह से प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शनिवार को निशुल्क भोजन वितरण किया जा रहा है। इस सेवा के अंतर्गत लगभग 450 से 500 जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं प्रेमपूर्वक तैयार किया गया भोजन युवाओं द्वारा स्वयं परोसा जाता है। भोजन में दाल, चावल, सब्ज़ी, मिष्ठान और पूरी शामिल रहती है, जिसमें स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाता है। संस्था के प्रतिनिधि विपुल अग्रवाल एवं अनुराग तिवारी ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा, धर्म-संस्कृति और सामाजिक सेवा से जोडऩा ही फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग कई बार भटकाव का शिकार हो जाता है, ऐसे में सेवा भाव और समाजहित के कार्यों से जुडकऱ सही दिशा में आगे बढऩा अत्यंत आवश्यक है। दृष्टि यूथ फाउंडेशन के युवा सदस्य अपनी पॉकेट मनी से राशि एकत्र कर इस सेवा कार्य की शुरुआत कर चुके हैं और निरंतर समाजसेवा में लगे हुए हैं। संस्था का मूल मंत्र वॉयस फॉर वॉइसलेस है। इसी भावना के साथ आने वाले समय में पशु-पक्षी कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में भी कार्य करने की योजना बनाई जा रही है। फाउंडेशन का विश्वास है कि यदि युवा शक्ति को सेवा, करुणा और मानवता से जोड़ा जाए, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। भोजन वितरण अभियान में विपुल अग्रवाल, अनुराग तिवारी, पूरब गुप्ता, शौर्य तिवारी, ईशान अग्रवाल, आर्यन अग्रवाल, आरव राय, निखिल सोनी, विवेक सोनी, अभिषेक अग्रवाल, मानस अरमो एवं आदित्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ये सभी युवा नियमित पढ़ाई के साथ-साथ समाजसेवा में भी पूरी लगन और निष्ठा से जुड़े हुए हैं तथा अन्य युवाओं से भी इस सकारात्मक अभियान में साथ आने की अपील कर रहे हैं। दृष्टि यूथ फाउंडेशन, विनोबा नगर, बिलासपुर की यह पहल निस्संदेह युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है और समाज में सेवा संस्कृति को मजबूत कर रही है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 30 जनवरी 2026