* रविदास मंदिर प्रांगण में चला व्यापक साफ-सफाई अभियान * सामाजिक समरसता का दिया संदेश कोरबा (ईएमएस) कोरबा भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, जिला कोरबा द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के पूर्व दिवस पर कोरबा स्थित संत रविदास मंदिर प्रांगण में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में व्यापक रूप से साफ-सफाई कर स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया गया। इस अभियान में संत रविदास समाज के जिला अध्यक्ष एवं जिला सचिव सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी भी विशेष रूप से शामिल हुए और सभी ने मिलकर श्रमदान करते हुए मंदिर प्रांगण को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाया। स्वच्छता अभियान के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने संत शिरोमणि रविदास जी के जीवन, उनके समरसता, समानता और सामाजिक न्याय के संदेशों को स्मरण करते हुए कहा कि संत रविदास जी का जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने और सेवा भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाकर समाज में सकारात्मक संदेश जाता है तथा नई पीढ़ी को सेवा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के मूल्यों से जोड़ा जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संत रविदास के विचारों को आत्मसात करने और समाज में स्वच्छता, समानता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।