व्यापार
01-Feb-2026
...


- सेंसेक्स 82,324.89 के स्तर पर, ‎निफ्टी 25,317.15 पर मुंबई (ईएमएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा र‎विवार को पेश किए जाने वाले केंद्रीय बजट 2026-27 से पहले रविवार को आयोजित विशेष कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत मामूली तेजी के साथ हुई। हालांकि, शुरुआती बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी और कुछ ही मिनटों में बाजार लाल निशान में फिसल गया। इसके बाद बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह शुरुआत के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 55.11 अंक की मामूली बढ़त के साथ 82,324.89 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 3.50 अंक या 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,317.15 पर बना हुआ था। वृहद बाजार की बात करें तो मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.32 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.83 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सेक्टरवार प्रदर्शन देखें तो निफ्टी ऑटो, फार्मा, प्राइवेट बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और हेल्थकेयर को छोड़कर अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में रहे। निफ्टी मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली और यह 4 प्रतिशत से अधिक टूट गया। सेंसेक्स के शेयरों में सन फार्मा, बीईएल, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और मारुति सुजुकी टॉप गेनर्स रहे। वहीं, इंफोसिस, टाटा स्टील, टाइटन, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। सतीश मोरे/01फरवरी ---