नई दिल्ली (ईएमएस)। तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू विमान सेवा कंपनियों को बड़ी राहत देते हुए विमान ईंधन की कीमतों में लगभग एक प्रतिशत की कटौती की है। यह लगातार दूसरा महीना है जब देश में विमान ईंधन की कीमत कम हुई है। इससे पहले 1 जनवरी से यह करीब सात प्रतिशत सस्ता हुआ था। देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार रविवार से दिल्ली में विमान ईंधन का मूल्य 929.63 रुपये (1.01 प्रतिशत) घटकर 91,393 रुपये प्रति किलोलीटर रह गया है। इससे पहले जनवरी में इसकी कीमत 7.38 प्रतिशत कम हुई थी। कोलकाता में यह 932 रुपये (0.98 प्रतिशत) सस्ता होकर 94,446 रुपये प्रति किलोलीटर और मुंबई में 878 रुपये (1.02 प्रतिशत) सस्ता होकर 85,475 रुपये प्रति किलोलीटर का हो गया है। चेन्नई में विमान ईंधन की कीमत 988 रुपये (1.03 प्रतिशत) कम करके आज से 94,782 रुपये कर दी गई है। विमान ईंधन के दाम कम होने से पहले से वित्तीय दबाव झेल रही घरेलू विमान सेवा कंपनियों को फायदा होगा। उनके कुल व्यय का 35 से 40 प्रतिशत ईंधन पर खर्च होता है। सतीश मोरे/01फरवरी ---