अंतर्राष्ट्रीय
01-Feb-2026


लुइसियाना,(ईएमएस)। अमेरिका के लुइसियाना के एक छोटे से शहर में मर्डी ग्रा परेड में चली गोलियों ने सबको परेशान कर दिया है। शनिवार को क्लिंटन शहर में मर्डी ग्रा इन द कंट्री इवेंट के बीच अचानक गोलियां चलने से छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी है। ये हादसा कोर्टहाउस के पास हुआ। वहां लोग परेड देख रहे थे, लेकिन कुछ ही पलों में माहौल दहशत में बदल गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। यह गोलीबारी परेड शुरू होने के बाद हुई। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि परेड दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई थी और मेन रोड पर जाने से पहले ही यह हादसा हो गया। गोलियां चलते ही लोग इधर-उधर भागने लगे और परेड तुरंत रोक दी गई। घायलों में एक 6 साल का बच्चा है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य भी गंभार है, जबकि बाकी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने जांच शुरू की और तीन लोगों को हिरासत में लिया है, हालांकि वे अभी मुख्य संदिग्ध नहीं माने जा रहे। पुलिस एक वाहन की तलाश कर रही है, जो इस घटना में शामिल था। पुलिस ने जांच अपने हाथ में ले ली है और आसपास की सड़कों को ब्लॉक कर दिया है। बता दें क्लिंटन लुइसियाना का एक छोटा शहर है। इस शहर में सिर्फ करीब 1,300 लोग रहते हैं। यह बैटन रूज की महानगरीय क्षेत्र का हिस्सा है। यहां का मर्डी ग्रा इन द कंट्री एक सालाना इवेंट है। ये ग्रामीण इलाके में मर्डी ग्रा की खुशियां मनाने के लिए आयोजित किया जाता है। लोग परिवारों के साथ आते हैं, परेड देखते हैं और उत्सव का मजा लेते हैं, लेकिन इस बार यह खुशी दर्द में बदल गई। यह घटना अमेरिका में इस साल की 24वीं मास शूटिंग है, जहां चार या इससे ज्यादा लोग घायल या मारे गए हैं। देश में हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई लोग कांग्रेस से सख्त बंदूक नियंत्रण कानून बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। सिराज/ईएमएस 01फरवरी26