नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली को स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त बनाने के लिए सरकार ने एमसीडी को 500 करोड़ की सहायता दी। साथ ही सफाई, सड़क मरम्मत और धूल नियंत्रण पर खर्च होगा। दिल्ली को साफ, स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त राजधानी बनाने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को 500 करोड़ रुपये की एकमुश्त सहायता देने की घोषणा की है। इस राशि का उपयोग शहर की सफाई व्यवस्था मजबूत करने, सड़कों की छोटी-मोटी मरम्मत कराने और धूल से होने वाले प्रदूषण को कम करने में किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी साफ किया है कि सरकार आगे चलकर हर साल 300 करोड़ रुपये की नियमित सहायता भी एमसीडी को देती रहेगी, ताकि सफाई व्यवस्था लंबे समय तक मजबूत बनी रहे। इस संबंध में शुक्रवार (30 जनवरी) को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह, नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन प्रवेश वाही, मुख्य सचिव राजीव वर्मा, एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार समेत दिल्ली सरकार और नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि एमसीडी को दी गई 500 करोड़ रुपये की राशि कई जरूरी कामों में खर्च की जाएगी। इसमें कचरा प्रबंधन से जुड़ी उन कंपनियों का पुराना बकाया चुकाना भी शामिल है, ताकि वे बिना किसी रुकावट के अपना काम कर सकें। इसके अलावा कूड़ा उठाने और ढोने में होने वाले मासिक घाटे की भरपाई, ठेकेदारों के न होने वाले इलाकों से कूड़ा हटाने, सड़कों के गड्ढे भरने और छोटे-छोटे पैच रिपेयर जैसे काम भी इसी राशि से किए जाएंगे। इन उपायों से सड़कों पर उड़ने वाली धूल कम होगी और प्रदूषण पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/ फरवरी/2026