- वायरल फोटो ने खोल दी पनागर नपा के दावों की पोल जबलपुर (ईएमएस)। नगर पालिका परिषद पनागर का स्वास्थ्य विभाग सारे नियम कायदों की धज्जियां उड़ाने पर उतारु है। विभाग की लापरवाही का अंदाजा एक वायरल फोटो को देखकर लगाया जा रहा है। फोटो विद्यासागर वार्ड चौराहे का है,जिसमें दिख रहा है कि एक टैक्टर वाहन में कचरा बिना ढके ले जाया जा रहा है। खास बात यह है कि उस वाहन की ट्राली भी छोटी होने के साथ पूरी तरह से टूटी-फूटी हुई है। ऐसे में पूरा कचरा सड़क पर फैल रहा है। उक्त फोटो के वायरल होने के बाद नगर पालिका परिषद के दावों की पोल खुल रही है। लोगों का कहना है कि नगर पालिका का स्वास्थ्य विभाग एक ओर जहां बड़ी बड़ी बातें कर नगर वासियों को स्वच्छता से संबंधित ज्ञान दे रहा है, वहीं दूसरी ओर खुद किसी नियम का पालन नहीं कर रहा है। लोगों का कहना है कि नियम मुताबिक कचरे का परिवहन पूर्ण रुप से ढक कर किया जाना चाहिए ताकि सड़कों पर कचरा न फैले और परिवहन करने वाले वाहन के आगे-पीछे से निकलने वालों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। अब इन पर कौन लगाए जुर्माना.............. फोटो देखने के बाद लोगों में इस बात की चर्चा भी तेज है, नगर पालिका का स्वास्थ्य विभाग थोड़ी सी गड़बड़ी देखने पर ही दूसरों पर तो तत्काल जुर्माना लगाने का प्रयास करने तैयार हो जाता है लेकिन खुद ऐसी लापरवाही पर उतारु है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर तक बन सकती है। उनका कहना है कि इस लापरवाही के लिए जो अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदार है, उस पर कार्रवाई होना चाहिए और जुर्माना भी लगना चाहिए। सुनील साहू / मोनिका / 01 फरवरी 2026