भोपाल(ईएमएस)। देहात क्षेत्र के ईटखेड़ी थाना इलाके में शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से 6 साल की मासूम बच्ची गंभीर रुप से घायल हो गई। बताया गया है की एक्सीडेंट के बाद आरोपी चालक अपनी कार से ही घायल मासूम को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया लेकिन वहॉ डॉक्टरों ने शुरुआती चेकअप के बाद ही उसे मृत घोषित करते हुए पुलिस को सूचना दी। अस्पताल से मिली की सूचना पर पहुचीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार परेवा खेड़ा (पतलोन) की रहने वाली आसिया अली (6) पुत्री इकबाल अली बीते तीन दिनों से बुखार आने के कारण बीमार चल रही थी। उसके पिता उसे इलाज के लिये गांव के पास ही हाईवे पर स्थित एक क्लीनिक पर लेकर गये थे। डॉक्टर ने चेकअप के बाद दवाइयां दे दीं। इसके बाद पिता पैदल बच्ची को लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में परेवा खेड़ा के पास मेन रोड पर मासूम आसिया ने पिता का हाथ छुड़ाया और सड़क पार करने की कोशिश की। तभी तेज रफ्तार से आई कार ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद कार चालक स्वयं बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जुनेद / 1 फरवरी