- फरवरी की शुरुआत में ही मौसम हुआ सुहाना नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी से तापमान में कमी आई है। आईएमडी ने अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में ठंड, तेज हवाओं व बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक एक बार फिर करवट ले ली है। आधी रात से बारिश के कारण पूरे इलाके में फिर से तापमान कम हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है और इसके कारण मौसम विभाग (आईएमडी) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। 1 फरवरी से शुरू हुए इस बदलाव के चलते ठंड, बारिश और तेज हवाओं का दौर आने वाले दिनों तक जारी रहने की संभावना है।दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रात के समय हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में साफ गिरावट देखी गई। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हुआ और रात में वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश देर रात होने से बड़े ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं बनी, लेकिन वाहनों की रफ्तार जरूर कम रही। आईएमडी ने पहले ही पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई थी। रविवार सुबह भी बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ गया। यह बदलाव सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे उत्तर भारत में मौसम का असर साफ दिख रहा है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी से ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं। आईएमडी के मुताबिक सुबह और रात के समय दृश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। मौसम की यह अस्थिरता लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियों पर असर डाल रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/ फरवरी/2026