राज्य
01-Feb-2026


‎ठाणे, (ईएमएस)। ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों के लिए अच्छी खबर है। शहर में ई-वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग स्टेशनों का प्रस्ताव, जो कई दिनों से प्रलंबित था, आखिरकार मंजूर हो गया है। आने वाले महीनों में ठाणे में 19 अलग-अलग रणनीतिक जगहों पर सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। यह प्रोजेक्ट ‘पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप’ (पीपीपी) के आधार पर लागू किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत लगभग 10.50 करोड़ रुपये है, और यह पूरा खर्च निजी ठेकेदार उठाएगा। मनपा को इस प्रोजेक्ट से होने वाले मुनाफे का 10 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। मनपा को प्रति यूनिट कम से कम एक रुपये की दर से राजस्व भी मिलेगा। इस प्रोजेक्ट के लिए 6 मई, 2025 को एक समझौता ज्ञापन पर साइन किए गए थे, और जमीन 10 साल की अवधि के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। बताया जा रहा है कि चार्जिंग दरें भारत सरकार के बिजली मंत्रालय द्वारा तय किए गए दिशानिर्देशों के अनुसार होंगी। चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण, संचालन, नियमित रखरखाव, पावर कनेक्शन और सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित टेंडरर की होगी। खास बात यह है कि इन स्टेशनों के आस-पास कमर्शियल विज्ञापन बैन हैं। * इन जगहों पर लगाए जाएंगे चार्जिंग स्टेशन पाडा-कोपरी: मेंटल हॉस्पिटल चौक, कशीश पार्क सर्विस रोड। उथलसर: वृंदावन बस स्टॉप, कचराली झील, आकाशगंगा - राबोडी। वागले: रोड नंबर 22, पासपोर्ट ऑफिस के पास। लोकमान्य सावरकर नगर: लोकमान्य बस डिपो जंक्शन, पोखरण रोड नंबर 1, देवदया नगर। वर्तक नगर: पोखरण रोड नंबर 2, गांधी नगर जंक्शन, डॉ. काशीनाथ घाणेकर नाट्यगृह के पास। माजीवाड़ा-मानपाड़ा: आनंद नगर बस स्टॉप, पाटलीपाड़ा, URCT जंक्शन, धर्माचा पाड़ा। कलवा: खरेगांव सर्विस रोड (90 फीट रोड), खरेगांव टोल नाका, आत्माराम चौक। मुंब्रा और दिवा: मुंब्रा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दिवा में आयुष्मान हेल्थ सेंटर। स्वेता/संतोष झा- ०१ फरवरी/२०२६/ईएमएस